दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा की 90 सीटों के लिए चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। सभी सीटों के लिए एक ही चरण में मतदान होगा, जो 1 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 4 अक्टूबर को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने इस चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की।
पिछली बार भी हुआ था एक ही चरण में मतदान
2019 के विधानसभा चुनाव में भी हरियाणा की सभी 90 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हुआ था। उस समय 21 अक्टूबर 2019 को वोटिंग हुई थी और नतीजे 24 अक्टूबर को घोषित किए गए थे। 2019 के चुनाव में 68.20 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया था।
2019 में किसी भी दल को नहीं मिला था पूर्ण बहुमत
2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 36.7 फीसदी वोट हासिल करते हुए 40 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जिससे वह सबसे बड़े दल के रूप में उभरी। कांग्रेस को 28.2 फीसदी वोट शेयर के साथ 31 सीटें मिलीं, जबकि दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) को 14.9 फीसदी वोट शेयर के साथ 10 सीटें प्राप्त हुईं। हरियाणा लोकहित पार्टी को एक फीसदी से भी कम वोट शेयर के साथ एक सीट मिली थी। इसके अलावा, सात निर्दलीय उम्मीदवार भी विजयी होकर विधानसभा पहुंचे थे। 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में बहुमत के लिए 46 सीटों की आवश्यकता होती है, लेकिन 2019 में किसी भी दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिल सका था।
