दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के तहत जबलपुर के इमलई पनागर की 9 दिन की बच्ची आध्यवी पटेल को 15 अगस्त 2024 को गंभीर हृदय रोग के इलाज के लिए तुरंत हायर सेंटर मुंबई रैफर किया गया।
खश्बू पटेल और उनके पति अंकित पटेल की नवजात बच्ची का जन्म 5 अगस्त 2024 को रानी दुर्गावती चिकित्सालय में हुआ था। जन्म के बाद, डॉक्टरों ने पाया कि बच्ची रोते समय नीली पड़ जाती है। आयुष्मान चिल्ड्रन हॉस्पिटल में ईको कराने पर पता चला कि बच्ची के दिल में छेद है।
बच्ची के पिता ने 14 अगस्त को संकल्प भवन डी.ई.आई.सी. में संपर्क किया, जहां कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 15 अगस्त के अवकाश के दिन भी बच्ची की फाइल तैयार की और आवश्यक अनुमोदन के बाद बच्ची को नारायणा हृदयालय, मुंबई में हृदय उपचार के लिए भेजा गया।
बच्ची के परिजनों ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए डॉ. संजय मिश्रा (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी), डॉ. मनीष मिश्रा (सिविल सर्जन), सुभाष शुक्ला (डी.ई.आई.एम.) और समस्त डी.ई.आई.सी. स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
