दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह (भा.पु.से.) ने आज मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जन सुनवाई में आम जनता की शिकायतें सुनीं। जन सुनवाई का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना था।
इस जन सुनवाई में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से आए शिकायतकर्ताओं ने अपनी समस्याओं को रखा। कुल मिलाकर 59 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश पति-पत्नी या पारिवारिक विवाद, जमीन से जुड़े मुद्दे, मारपीट की घटनाएं और साइबर अपराध से संबंधित थीं।
आदित्य प्रताप सिंह ने सभी शिकायतकर्ताओं को उनकी शिकायतों पर शीघ्र वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही, जन सुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) समर वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सोनाली दुबे, और उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय बी.एस. गोठरिया भी उपस्थित थे।
Tags
jabalpur
