दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आज शहर में आरक्षण के वर्गीकरण को लेकर 1 अगस्त को आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ विभिन्न संगठनों ने विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। कांग्रेस ने भी 21 अगस्त को भारत बंद के समर्थन में अपनी भूमिका स्पष्ट की है। जबलपुर में विभिन्न संगठनों ने अपने विरोध प्रदर्शन की योजना बना ली है।
शहर के विभिन्न हिस्सों से आज दोपहर 12 बजे के करीब संगठनों के कार्यकर्ता एकत्रित होंगे और मालवीय चौक पर प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन को देखते हुए जबलपुर पुलिस-प्रशासन ने मंगलवार की रात एक आपातकालीन बैठक आयोजित की, जिसमें अपर कलेक्टर और एएसपी समेत संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने विरोध प्रदर्शन को लेकर अलर्ट जारी किया है और शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने की तैयारी की गई है।
बैठक में विरोध करने वाले संगठनों को हिदायत दी गई है कि वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन करें और किसी भी प्रकार की हिंसा या तोड़फोड़ से बचें। संगठन के पदाधिकारियों ने भी आश्वासन दिया है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा।
कार्यकर्ताओं के अनुसार, रांझी, अधारताल, गढ़ा और हनुमान ताल से निकलकर वे तहसील चौक में अम्बेडकर जी की प्रतिमा के सामने एकत्रित होंगे और फिर रैली के रूप में मालवीय चौक पहुंचेंगे जहां सभा का आयोजन किया जाएगा। कांग्रेस ने इस भारत बंद का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार से मांग की है कि विशेष सत्र बुलाकर न्यायालय के इस फैसले को निरस्त किया जाए और इसे नौवीं अनुसूची में शामिल किया जाए, ताकि आरक्षण को बार-बार चुनौतियों का सामना न करना पड़े।
