दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खमरिया क्षेत्र में मेट्रो बस (20 पी 0275) पर हथियारों से लैस तीन बदमाशों ने हमला किया। ये बदमाश कार (एमपी 20 सीएच 8023) से आए और घाना चौराहे पर खड़ी मेट्रो बस में चढ़कर परिचालक और चालक से रंगदारी की मांग की। जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया, तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की। अचानक हुए इस हमले से बस में सवार यात्री घबरा गए।
कुछ यात्रियों और आसपास के लोगों के हस्तक्षेप के बाद, तीनों आरोपी एन टाइप खमरिया की ओर भाग निकले। जाते-जाते उन्होंने परिचालक रोहित कुर्मी और चालक आशीष कोल को धमकी दी कि अगर उन्होंने पैसे नहीं दिए, तो वे बस में तोड़फोड़ करेंगे।
पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पनागर मझगवां निवासी सतीश कुशवाहा (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक पिस्टल, एक कारतूस और एक चायना चाकू बरामद किया गया है। फरार आरोपियों रुपेंद्र साहू और वंशी रजक की तलाश जारी है।
पुलिस पूछताछ में सतीश ने बताया कि चायना चाकू उसका है, जबकि पिस्टल और कारतूस उसके साथी रुपेंद्र ने उसे दिए थे। खमरिया थाना क्षेत्र में पूर्व में भी मेट्रो बसों पर पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें असामाजिक तत्व बसों के चालक-परिचालकों से रंगदारी वसूली के लिए धमकाते रहे हैं।
