MP News: ज्वेलरी शॉप लूट, अग्निवीर ट्रेनी निकला मास्टरमाइंड, जीजा के साथ मिलकर रची 50 लाख की लूट की साजिश

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। बाग सेवनिया इलाके में मंगलवार रात हुई ज्वेलरी शॉप लूट की घटना का खुलासा हुआ है। इस लूट का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि एक अग्निवीर ट्रेनी जवान निकला है। उसने अपने जीजा के साथ मिलकर 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकद की लूट को अंजाम दिया। इस लूट के पीछे जीजा का कर्ज चुकाने और बचे हुए पैसे से ऐश करने की योजना थी।

पुलिस ने इस मामले में रविवार को अग्निवीर ट्रेनी जवान मोहित सिंह बघेल (19), उसके जीजा आकाश राय (24) सहित 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मोहित पठानकोट के फतेहगढ़ में तैनात है और वह छुट्टी लेकर अपनी बहन के घर भोपाल आया था। लूट के समय उसने बहन-जीजा के घर से महज 400 मीटर की दूरी पर स्थित ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाया।

घटना के बाद पुलिस ने 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान हो सकी। पुलिस की 9 टीमों ने मिलकर आरोपियों को पकड़ने के लिए यह बड़ी कार्रवाई की। मुख्य आरोपियों के अलावा, उनके पांच और सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया है। 

मुख्य आरोपी आकाश राय बी.कॉम सेकेंड ईयर का छात्र है, जबकि मोहित बीए सेकेंड ईयर का छात्र है। लूट की साजिश मोहित ने अपनी बहन के घर छुट्टियां मनाते समय रची थी। जीजा आकाश पर भारी कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए दोनों ने लूट की योजना बनाई। 

लूट में आकाश का भाई विकास राय, उसकी बहन मोनिका राय और उनके पति अमित, आकाश की मां गायत्री राय, और मोहित का दोस्त अभय मिश्रा भी शामिल थे। इन सभी ने लूट के बाद चोरी के माल को छुपाने और पिस्टल मुहैया कराने में मदद की। 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का माल और वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल जब्त कर ली है। सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post