कोलकाता रेप मर्डर कांड, मृतक की डायरी से खुलेंगे राज, पूर्व प्रिंसिपल से सीबीआई की पूछताछ

दैनिक सांध्य बन्धु कोलकाता। आरजीएम मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर की रेप के बाद हत्या के मामले में सीबीआई द्वारा की जा रही जांच में एक नया मोड़ आया है। कोलकाता पुलिस ने सीबीआई को मृतका डॉक्टर की डायरी सौंपी है, जिसके कुछ पन्ने बुरी तरह से फटे हुए हैं। सीबीआई ने इन फटे पन्नों को गंभीरता से लेते हुए इस दिशा में जांच शुरू कर दी है।

इसके अलावा, सीबीआई ने इस मामले में पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष से भी पूछताछ की है। सीबीआई उनके जवाबों से संतुष्ट नहीं दिखाई दे रही है, खासतौर पर उन सवालों पर जो इस बात से जुड़े हैं कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद आत्महत्या की सूचना क्यों दी और आरोपी संजय राय किस हैसियत से सेमिनार हॉल के अंदर गया था। 

सीबीआई इस बात की भी जांच कर रही है कि संदीप घोष ने वहां उपस्थित अन्य डॉक्टरों से पूछताछ क्यों नहीं की। इस संदर्भ में यह भी चर्चा है कि संदीप घोष को टीएमसी सरकार का समर्थन प्राप्त था।

मामले के मुख्य आरोपी संजय राय का साइकोलॉजी टेस्ट भी करवाया जाएगा। इसके लिए साइकोलॉजी टीम कोलकाता पहुंच चुकी है, और सीबीआई को उम्मीद है कि इस टेस्ट के जरिए मामले से जुड़ी सच्चाई सामने आ सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post