Jabalpur News: एनडीआरएफ टीम ने छात्राओं को सिखाया आपदा में बचाव के तरीके

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कन्या शिक्षा परिसर, छापर रामपुर में आज एनडीआरएफ वाराणसी की 11वीं बटालियन द्वारा आपदा प्रबंधन के जागरूकता अभियान के तहत स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर दीपक सक्सेना के निर्देशन में किया गया, जिसमें टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर रेखा कुमारी ने किया।

कार्यक्रम में छात्राओं को शॉर्ट सर्किट से लगने वाली आग के साथ-साथ वुड, प्लास्टिक, पेट्रोल, मेटल, और गैस की आग बुझाने के विभिन्न तरीके बताए गए। फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग का प्रदर्शन किया गया और छात्राओं को इसे चलाने का प्रशिक्षण दिया गया।

बाढ़ और भूकंप जैसी आपदाओं के समय क्या सावधानियां रखनी चाहिए और कैसे सुरक्षित रहना चाहिए, इस पर भी विस्तार से चर्चा की गई। घरेलू और वेस्ट चीजों से इम्प्रोवाइज लाइफ जैकेट बनाने और उसका उपयोग करने के तरीके भी बताए गए।

कार्यक्रम में घायल व्यक्ति को फर्स्ट एड देने के तरीके, एम प्रोवाइड मेथड के जरिए एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाने की तकनीकें, और सर की चोट या खून के रिसाव को रोकने के उपाय भी सिखाए गए। इसके अलावा, सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) कब और कैसे दिया जाता है, इस बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई और छात्राओं से इसे अभ्यास भी कराया गया।

इस कार्यक्रम में शाला की प्राचार्य डॉ. वनिता घई, सुनील गर्ग (डिवीजनल वार्डन, सिविल डिफेंस) और स्कूल के शिक्षक एवं स्टाफ भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post