दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों को सस्ती दरों पर पक्के आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण आज निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न आवासीय परियोजनाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को उच्च गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रीति यादव ने रांझी स्थित मोहनिया, कुदवारी और तेवर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन और पूर्ण रूप से निर्मित आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने फ्लैटों के अंदर और बाहर की सुविधाओं का भी जायजा लिया और पाया कि शहरी पात्र हितग्राहियों और अन्य जरूरतमंदों के लिए सुंदर और सस्ती दरों पर पक्के आवास बनकर तैयार हैं, जिनकी बुकिंग भी हो रही है।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो मकान पूर्ण हो चुके हैं, उनकी बुकिंग तेजी से कराई जाए और इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को परियोजना स्थल पर ले जाकर आवास दिखाए जाएं और शेष कार्यों को भी यथाशीघ्र पूरा किया जाए। श्रीमती यादव ने उन लोगों से भी आग्रह किया जिनके पास अभी तक पक्के आवास नहीं हैं, कि वे प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत बनाए गए उच्च गुणवत्ता वाले आवासों की बुकिंग कराएं।
निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री और आवासीय परियोजना के नोडल अधिकारी सुनील दुबे भी उपस्थित रहे। निगमायुक्त ने बैंकर्स की सुविधाएं भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि बुकिंग प्रक्रिया को सरल बनाया जा सके।
