MP News: एनएसयूआई ने किया माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय में प्रदर्शन, एबीवीपी पर लगाए गंभीर आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय में एनएसयूआई ने जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर और जिला महासचिव अमन पठान के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के चलते प्रशासन ने विश्वविद्यालय का मुख्य द्वार दोपहर 12 बजे ही बंद कर दिया, जिससे एनएसयूआई कार्यकर्ता विश्वविद्यालय के अंदर न आ सकें। 

करीब तीन घंटे तक एनएसयूआई कार्यकर्ता विश्वविद्यालय के बाहर नारेबाजी करते रहे और कुलगुरु से मिलने की मांग की। कुलसचिव ने छात्रों से मुलाकात की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत के बाद कुलसचिव को बुलवाया, जिसके बाद एनएसयूआई ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। 

इस दौरान कुलपति विश्वविद्यालय में मौजूद नहीं थे, लेकिन बाद में कुलपति से एनएसयूआई के पदाधिकारी तनय शर्मा ने मुलाकात की और अपनी मांगें रखीं। कुलपति ने अगले दिन तक उचित निर्णय का आश्वासन दिया।  

जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन एबीवीपी के बाहरी नेताओं को बुलाकर सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने में सहयोग कर रहा है, जबकि दादा माखनलाल जी की प्रतिमा अब तक विश्वविद्यालय में स्थापित नहीं की गई है। एनएसयूआई छात्रहित की मांगों को लेकर कुलपति से मिलने आई थी, लेकिन गेट पर रोक दिए जाने के कारण प्रदर्शन करना पड़ा।

प्रदर्शन के दौरान महासचिव अमन पठान,विकास ठाकुर, देव अवस्थी, नदीम, वैभव, अमन, अनिमेष गोंडली,विनोद , सर्वेश, ओम चौकसे आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे ।

Post a Comment

Previous Post Next Post