MP News: कांग्रेस शहर-जिला अध्यक्षों का निलंबन बरकरार: प्रदेश संगठन प्रभारी राजीव सिंह, अध्यक्ष बोले- मैं अपना काम कर रहा हूं

दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। कांग्रेस कार्यालय (गांधी भवन) में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के स्वागत-सत्कार मामले में निलंबित शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव का निलंबन अब भी बरकरार है। 

हालांकि, 6 अगस्त को इंदौर में हुए कांग्रेस के जंगी प्रदर्शन के दौरान शहर संगठन प्रभारी अवनीश भार्गव ने कहा था कि दोनों अध्यक्षों का निलंबन समाप्त हो गया है। इसके बावजूद, प्रदेश संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने स्पष्ट किया कि निलंबन समाप्ति का कोई लिखित आदेश संगठन ने जारी नहीं किया है, और वर्तमान स्थिति पहले जैसी ही है।

इस पर सुरजीत सिंह चड्ढा ने कहा कि उन्होंने निलंबन नोटिस का जवाब दे दिया है और वह अपना काम कर रहे हैं। वहीं, सदाशिव यादव ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

गांधी भवन में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ध्वजारोहण के बाद निलंबन का मुद्दा फिर से चर्चा में आया, जिससे स्थिति और अधिक जटिल हो गई है। 

दोनों अध्यक्षों को 12 जुलाई को गांधी भवन में मंत्री विजयवर्गीय के स्वागत-सत्कार और गुलाब जामुन खिलाने के कारण अनुशासनहीनता का नोटिस देकर निलंबित किया गया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post