दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मिलेनियम रेलवे कॉलोनी, जो कुछ माह पहले दोहरे हत्याकांड का गवाह बनी थी, एक बार फिर से दहशत में है। शनिवार को इस कॉलोनी में एक अज्ञात युवक अचानक एक महिला की कार के सामने आकर खड़ा हो गया, जिससे महिला घबरा गईं। सीसीटीवी फुटेज में यह पूरी घटना कैद हो गई, जिसमें युवक महिला की कार के पास खड़ा दिखाई दे रहा है।
रेल कर्मचारी दुर्गा, जो कॉलोनी में रहती हैं, ने बताया कि वे अपने बेटे को कोचिंग छोड़कर लौट रही थीं। जैसे ही उन्होंने कॉलोनी का गेट खुलवाने के लिए हार्न बजाया, एक अज्ञात व्यक्ति उनकी कार के पास आकर खड़ा हो गया। इस अप्रत्याशित घटना से महिला ने तुरंत गेट खुलवाया और अंदर चली गईं।
महिला ने यह भी बताया कि उस व्यक्ति के हाथ में कुछ था, जिससे उन्हें यह आशंका हुई कि वह हमला कर सकता था। घटना के बाद महिला ने कॉलोनी के अध्यक्ष और अपने घर में यह जानकारी दी, लेकिन पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। दोहरे हत्याकांड के बाद से कॉलोनी के निवासियों में डर का माहौल बना हुआ है।
Tags
jabalpur
