Jabalpur News: नशे में धुत्त युवकों की तेज रफ्तार कार ने मचाया उत्पात, गरीब परिवार का आशियाना हुआ तबाह

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत देर रात एक तेज रफ्तार कार ने एक गरीब परिवार का घर किया तहस-नहस। घटना में एमपी20 सीडी 3171 नंबर की कार, जिसमें चार लड़के और एक लड़की सवार थे, ने सड़क किनारे बने घरों में घुसकर जमकर तबाही मचाई। 

कार की गति इतनी तेज थी कि वह एक पंक्ति में बने तीन घरों से टकरा गई, जिससे एक घर पूरी तरह से टूट गया। सौभाग्य से इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन घर के अंदर सो रहे कमलेश बिरहा और उनके परिवार का लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया। 


हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत घरों से बाहर आ गए और पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी आरोपी नशे में धुत थे और पुलिस के रोकने के इशारे को नजरअंदाज करते हुए कार की गति और बढ़ा दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस हादसे ने एक गरीब परिवार के सामने बड़ी समस्या खड़ी कर दी है, जो पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। परिवार के मुखिया ने कहा कि भगवान का शुक्र है कि हम बच गए, वरना सुबह का मंजर कुछ और ही होता।

Post a Comment

Previous Post Next Post