दैनिक सांध्य बन्धु नरसिंहपुर। 14 जुलाई को हुए सामूहिक बलात्कार के मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना तब सामने आई जब पीड़िता ने 16 अगस्त की शाम को स्टेशनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, पीड़िता की इंस्टाग्राम पर आरोपित शवंत पटेल से दोस्ती हुई थी। 14 जुलाई को शवंत ने उसे मिलने के लिए बुलाया और बस स्टैंड से बाइक पर बैठाकर अपने दोस्त हेमंत पटेल के साथ डोकरघाट घूमने ले गया।
रास्ते में आरोपियों ने बाइक को जंगल की ओर मोड़ दिया, जहां शवंत ने पीड़िता के साथ बलात्कार किया। इसी बीच हेमराज पटेल नामक एक अन्य युवक वहां पहुंचा और बलात्कार का वीडियो बनाने की धमकी देते हुए पीड़िता को फिर से दुष्कर्म के लिए मजबूर किया। इसके बाद हेमंत पटेल ने भी बलात्कार किया और फिर तीनों आरोपी पीड़िता को सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।
बदनामी के डर से पीड़िता ने एक माह तक यह बात छुपाए रखी, लेकिन हेमराज द्वारा उसे लगातार परेशान किए जाने पर उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। उप पुलिस अधीक्षक मनोज गुप्ता ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
.jpg)