दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। भंवरकुआं इलाके में रविवार देर शाम एक आदिवासी युवक के साथ मारपीट और अपमानजनक व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोपी, रितेश राजपूत, ने युवक से पहले अपने जूते के लेस बंधवाए और फिर उसे पीटा। रितेश, जो कि एक लिस्टेड गुंडा है और जिसके खिलाफ पहले से ही 10 से अधिक अपराध दर्ज हैं, ने बाइक चलाने के दौरान हुए एक मामूली विवाद पर इस घटना को अंजाम दिया।
पीड़ित युवक, देपाल, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह प्रतीक्षा ढाबे से अपने सैलून की तरफ पैदल जा रहा था, तभी रितेश ने अपनी बाइक से उसे कट मारा। जब देपाल ने उसे बाइक ठीक से चलाने को कहा, तो रितेश ने गुस्से में आकर देपाल की कॉलर पकड़ी और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान रितेश का एक दोस्त और एक युवती भी वहां मौजूद थे, जो मारपीट में शामिल थे।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें रितेश राजपूत को आदिवासी युवक की कॉलर पकड़कर मारते हुए और उसे जूते की लेस बंधवाते हुए देखा जा सकता है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।
