Jabalpur News: संस्कारधानी में स्वतंत्रता की 78वीं वर्षगांठ पर शान से लहराया तिरंगा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में स्वतंत्रता की 78वीं वर्षगांठ के अवसर पर पूरे शहर में धूमधाम से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया और स्वतंत्रता दिवस का उल्लास मनाया गया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लोगों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।

मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया, जहां मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और मुख्यमंत्री का संदेश भी पढ़ा। हल्की बारिश के बावजूद समारोह में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सैकड़ों की संख्या में स्कूली बच्चे और नागरिक परिवार सहित मुख्य समारोह का हिस्सा बनने पहुंचे।


समारोह में पुलिस बैंड की शानदार धुन पर सशस्त्र पुलिस दल, होमगार्ड, नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी), स्काउट एंड गाइड, राष्ट्रीय सेवा योजना और दुर्गा वाहिनी के जवानों ने बेहतरीन कदम ताल मिलाते हुए तिरंगे को सलामी दी। परेड की सलामी के दौरान उपस्थित जनता ने तालियां बजाकर स्वागत किया और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए।

मुख्य समारोह में जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। समारोह में जबलपुर सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नु, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, संभाग आयुक्त अभय वर्मा, कलेक्टर दीपक सक्सेना और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना की उपस्थिति रही। पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह स्वास्थ्य संबंधी कारणों से मुख्य समारोह में शामिल नहीं हो सके।


स्वतंत्रता दिवस पर मालवीय चौक का सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण का केंद्र

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मालवीय चौक पर तिरंगे के रंगों में सजाए गए सेल्फी प्वाइंट ने खासा आकर्षण बटोरा। यहां पर भारत के नक्शे के साथ बनाए गए इस सेल्फी प्वाइंट पर बच्चों और उनके परिवारों का तांता लगा रहा। लोग यहां आकर स्वतंत्रता दिवस की यादें संजोते हुए सेल्फियां खिंचवाते नजर आए। यह सेल्फी प्वाइंट बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा, जहां उन्होंने बड़े उत्साह के साथ अपने परिवार के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

Post a Comment

Previous Post Next Post