Jabalpur News: रेलवे कर्मचारियों के व्यवहार में सुधार के लिए पश्चिम मध्य रेलवे ने शुरू किया फीडबैक सिस्टम

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों के बीच व्यवहार को सुधारने के लिए पश्चिम मध्य रेलवे ने एक नई पहल की शुरुआत की है। जबलपुर और मदन महल स्टेशन से इस फीडबैक सिस्टम की शुरुआत की गई है, जिसके अंतर्गत यात्री रेलवे कर्मचारियों के व्यवहार पर फीडबैक दे सकते हैं। 

यह पहल इस उद्देश्य से शुरू की गई है कि यात्रियों और रेलवे स्टाफ के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हो सके। हाल ही में रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के साथ कर्मचारियों द्वारा किए गए खराब व्यवहार की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए, रेलवे ने यह कदम उठाया है। 

जबलपुर और मदन महल स्टेशनों पर यात्रियों के लिए बुकिंग काउंटर पर फीडबैक फॉर्म उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें भरकर यात्री अपनी शिकायतें और सुझाव दे सकते हैं। फीडबैक के आधार पर संबंधित कर्मचारियों को समझाइश दी जाएगी, और सुधार न होने की स्थिति में उचित कार्रवाई की जाएगी।

पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने कहा कि स्टाफ और यात्रियों के बीच बढ़ते विवादों के चलते इस फीडबैक प्रणाली को लागू किया गया है। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगे हैं, और जल्द ही इसे पश्चिम मध्य रेलवे के सभी स्टेशनों पर लागू किया जाएगा। 

Post a Comment

Previous Post Next Post