दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। गुरुवार शाम को मुख्यमंत्री मोहन यादव के वीआईपी मूवमेंट के दौरान आर्मी के मेजर आशीष चौहान और ट्रैफिक पुलिस के जवान के बीच एक्सीडेंट को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मेजर ने ट्रैफिक पुलिस कर्मी के साथ मारपीट कर दी। इस घटना के दौरान क्राइम ब्रांच पुलिस मौके पर पहुंची और मेजर को थाने ले गई।
घटना के अनुसार, जब मुख्यमंत्री का काफिला MITS कॉलेज, इंद्रमणि नगर चौराहे से गुजर रहा था, तो ट्रैफिक पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रास्ता ब्लॉक कर दिया था। इस दौरान, मेजर आशीष चौहान अपनी पत्नी, बहन, और एक दोस्त के साथ कार में सवार थे, तभी उनकी गाड़ी को एक इनोवा ने टक्कर मार दी। मेजर ने इनोवा चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें रोक लिया, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर, मेजर ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की, जिसके बाद क्राइम ब्रांच पुलिस ने मेजर को अपनी गाड़ी में बिठाकर गोला का मंदिर थाने पर ले गई। इस घटना के बाद, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है और मामले की जांच की जा रही है।
मेजर की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उनके पति को बेवजह विवाद में फंसाया गया और जबरन गाड़ी में ले जाया गया। उन्होंने क्राइम ब्रांच पुलिस पर भी बदसलूकी का आरोप लगाया है। फिलहाल, पुलिस अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और दोनों पक्षों के आरोपों की सत्यता की जांच के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।
