दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देने से भी नहीं चूक रहे। रविवार की दोपहर को करिया पाथर क्षेत्र में एक युवक पर चार बदमाशों ने मिलकर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का नाम राजा यादव बताया जा रहा है।
घटना के दौरान राजा यादव अपनी बाइक से किसी काम से घमापुर की ओर जा रहा था। करिया पाथर श्मशान घाट के पास पहुंचते ही दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उसकी बाइक को धक्का देकर उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद एक बदमाश ने उसका हाथ पकड़ा और अन्य तीन ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घायल युवक अपने आपको बचाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी और चंद घंटों में ही चारों आरोपियों - मोनू, रोहित, शिबू और अंकित को चांदमारी से गिरफ्तार कर लिया। घमापुर थाना प्रभारी सतीश अंधवान ने बताया कि यह हमला पुराने विवाद के चलते हुआ है। पकड़े गए आरोपी अवैध शराब के धंधे से जुड़े हैं, जबकि घायल युवक भी इसी धंधे में संलिप्त है। घायल युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
