दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। नवाब कॉलोनी में रविवार को डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के दौरान नगर निगम की टीम पर हमला हो गया। कचरा कलेक्शन गाड़ी के ड्राइवर अमन, साथी मीनाबाई और राजेश पर एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। इस घटना में ड्राइवर अमन को गंभीर चोटें आईं, जिसमें उसकी पसली और गर्दन में फ्रेक्चर हो गया।
घटना के समय अमन अपनी टीम के साथ जोन-17 के अंतर्गत आने वाली नवाब कॉलोनी में कचरा इकट्ठा कर रहा था। तभी हंजला उर्फ इरशाद नामक व्यक्ति ने गाड़ी न हटाने पर अमन को बेरहमी से पीट दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। मीनाबाई और राजेश से भी मारपीट की गई। घायल अमन को तत्काल प्रोमिस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी चोटों की पुष्टि हुई।
घटना के बाद आक्रोशित कर्मचारियों ने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का काम बंद कर दिया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मध्यप्रदेश शासकीय वाहन चालक यांत्रिक कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी कि जब तक केस दर्ज नहीं होता, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया, जिसके बाद कर्मचारी वापस काम पर लौट आए।
