MP News: डॉक्टर के सामने कार्डियक अरेस्ट से मरीज की मौत, पुलिस पर समय पर नहीं पहुंचने का आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। परदेसीपुरा क्षेत्र में शनिवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति अपनी तबीयत खराब होने पर डॉक्टर के पास चेकअप कराने पहुंचा और डॉक्टर के सामने ही कार्डियक अरेस्ट से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनू पिता देवीदास मतकर, निवासी शिवाजी नगर, के रूप में हुई है, जो ऑटो चालक था।

सोनू को बैचेनी महसूस हो रही थी, इसलिए वह रात करीब सवा 8 बजे भाग्यश्री अस्पताल पहुंचा। डॉक्टर को अपनी समस्या बताने के कुछ ही देर बाद वह अचानक गिर पड़ा। डॉक्टर ने तुरंत उसे संभाला और प्राथमिक उपचार के रूप में सीपीआर दिया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। उसे तुरंत सीएचएल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

भाग्यश्री नर्सिंग होम के ड्यूटी डॉक्टर सुयश ठाकुर के मुताबिक, जब सोनू क्लिनिक में आया, तो वह उसकी जांच कर रहे थे। अचानक गिरने पर उन्होंने सीपीआर दिया, लेकिन अस्पताल में उपचार के पर्याप्त साधन नहीं थे, इसलिए उन्होंने पुलिस को सूचना दी। हालांकि, डॉक्टर का आरोप है कि सूचना देने पर पुलिस ने समय पर प्रतिक्रिया नहीं दी और विवाद करने लगे। 

डॉक्टर ने बताया कि करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जबकि सोनू की पल्स उस समय तक चल रही थी। डॉक्टर का मानना है कि अगर पुलिस समय पर पहुंच जाती तो शायद उसकी जान बच सकती थी। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम किया है और जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post