दैनिक सांध्य बन्धु खंडवा। मोघट रोड थाना क्षेत्र के गुलशन नगर में रहने वाली एक महिला अफरोज बीते 10 दिनों से लापता है। इस मामले में मायके और ससुराल पक्ष ने पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। लेकिन अब महिला की मां, बहन, और जीजा को शक है कि अफरोज के साथ अनहोनी हुई है। उन्होंने एसपी से इस मामले की शिकायत की है।
परिजनों ने बताया कि अफरोज का पति आबिद उसे शराब के नशे में पीटता था और हो सकता है कि उसने अफरोज की हत्या कर उसके शव को कहीं फेंक दिया हो।
बिना बुर्का और चप्पल कैसे जा सकती थी बाहर?
8 अगस्त से लापता अफरोज के मामले में उसकी बहन शबाना बी ने कहा कि अफरोज की चप्पल और बुर्का घर में ही मिला है। उन्होंने सवाल उठाया कि अफरोज बिना बुर्का और चप्पल के घर से कैसे जा सकती थी। शबाना ने बताया कि उनकी बहन का स्वभाव बहुत ही सरल था और वह पति की प्रताड़ना के कारण शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर हो चुकी थी।
चार साल पहले हुआ था निकाह
शबाना के अनुसार, अफरोज का निकाह चार साल पहले आबिद के साथ इस्लामी रीति-रिवाज से हुआ था। आबिद बेरोजगार था और शराब पीने का आदी था। शादी के कुछ ही समय बाद से वह अफरोज को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। शबाना ने बताया कि अफरोज कई बार अपने मायके में आकर रहने लगी थी।
ससुराल पक्ष पर भी प्रताड़ना के आरोप
शबाना ने आरोप लगाया कि अफरोज के सास-ससुर और देवर भी उसके पति आबिद को उसे प्रताड़ित करने के लिए उकसाते थे। उन्होंने कहा कि ससुराल वाले अफरोज पर पैसे लाने का दबाव डालते थे और तलाक की धमकी देते थे।
पुलिस कर रही है जांच
मोघट रोड थाना के एसआई जॉन बारिया ने बताया कि अफरोज की गुमशुदगी का मामला दर्ज है और इसकी जांच की जा रही है। इस मामले की जांच प्रधान आरक्षक को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि वे जल्द ही मामले में तथ्य जुटाने का प्रयास कर रहे हैं।
