दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। क्राइम ब्रांच भोपाल ने एक बड़ी कार्रवाई में तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है, जो शहर से चोरी किए गए दोपहिया वाहनों को ग्रामीण इलाकों में बेचते थे। पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से 17.45 लाख रुपए कीमत के 29 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
डीसीपी क्राइम अखिल पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों की पहचान सोनू राय सिंह, गोहरगंज निवासी विनोद राय और मोनू राय निवासी बाड़ी के रूप में हुई है। इन्हें शनिवार की रात झरनेश्वर बैंक के पास ठंडी सड़क से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीनों आरोपी कम दामों में बाइक बेचने की कोशिश कर रहे हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की गई बाइक का कागजात दिखाने में टालमटोल किया, जिसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने वाहन चोरी की बात कबूल कर ली।
रैकी के बाद करते थे चोरी:
आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिन के समय में भोपाल के आउटर इलाकों में स्थित ढाबों, फार्म हाउस और खेतों की रैकी करते थे। रात में मौका मिलते ही इन वाहनों को चुरा लेते थे। चुराए गए वाहनों को रायसेन और विदिशा जिले के ग्रामीण इलाकों में कम दामों पर बेच दिया करते थे।
ग्रामीण इलाकों में बेचने का मकसद:
आरोपियों ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में पुलिस चेकिंग की संभावना कम होती है। गांव के लोग ज्यादातर खेतों और गांव में ही सफर करते हैं, जिससे वाहनों के पकड़े जाने का डर कम रहता है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 29 दोपहिया वाहनों को जब्त किया है।
