MP News: कांग्रेस पार्षद को कुत्ते ने काटा, पति ने वार्डवासियों से सतर्क रहने का किया आग्रह

दैनिक सांध्य बन्धु रतलाम। शहर के वार्ड नं. 2 की कांग्रेस पार्षद कविता महावर को गुरुवार दोपहर उनके ही वार्ड में एक आवारा कुत्ते ने काट लिया। घटना उस समय हुई जब पार्षद कविता महावर अपनी बेटी शिवानी के साथ स्कूटी पर बाजार से लौट रही थीं। लक्ष्मण पुरा क्षेत्र में, अपने घर से केवल 50 मीटर दूर, एक कुत्ते ने उन पर हमला कर उनके पैर पर काट लिया। इसके बाद वे तुरंत घर पहुंचीं और प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में इंजेक्शन लगवाए गए।

घटना के बाद, शुक्रवार शाम को पार्षद पति सुनील महावर ने एक वीडियो जारी कर वार्डवासियों को सतर्क रहने का आग्रह किया। उन्होंने वीडियो में कहा कि जब वार्ड पार्षद ही आवारा कुत्तों से सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता कैसे सुरक्षित रह सकती है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में हर जगह आवारा कुत्ते दिखाई देते हैं और इस समस्या को लेकर नगर निगम की अनदेखी पर नाराजगी जताई।

सुनील महावर ने कहा कि वे नगर निगम के खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराएंगे। उन्होंने वार्डवासियों से आग्रह किया कि वे अपने आसपास घूमते कुत्तों से सतर्क रहें और किसी भी घटना की लिखित शिकायत नगर निगम में दर्ज कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कुत्ता काटे तो पुलिस में भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।

सुनील महावर ने यह भी बताया कि वे पहले भी कई बार नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को वार्ड में कुत्तों की समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। अब उन्होंने नगर निगम के खिलाफ कानूनी कदम उठाने का निर्णय लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post