दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। ग्वालियर में एक 22 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना शुक्रवार और शनिवार की रात के बीच महाराजपुरा थाना क्षेत्र के केजी चिल्ड्रन स्कूल के पास, भिंड रोड की है। शनिवार सुबह घटना का पता चला। मृतका पूनम की एक साल पहले भिंड निवासी राहुल कुमार से शादी हुई थी।
दीपावली के दिन अचानक पूनम ससुराल से अपने मायके ग्वालियर लौट आई थी, जिसका कारण परिजन नहीं समझ पा रहे थे। दीपावली का त्योहार उसने मायके में अपने परिवार के साथ मनाया। शनिवार सुबह पूनम के पिता लल्लेश और भाई अमित खेत में काम कर रहे थे, जब छोटी बहन मुस्कान ने आकर बताया कि पूनम ने फांसी लगा ली है। परिवार ने मौके पर जाकर उसे फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
परिजनों ने तुरंत इस घटना की सूचना दामाद राहुल और पुलिस को दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि पूनम दीपावली के दिन अचानक अपने ससुराल से मायके लौट आई। पुलिस को शक है कि उसके मायके और ससुराल के बीच ही इस घटना का कोई कारण छिपा हुआ है।
महाराजपुरा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और खुदकुशी के कारणों की पड़ताल जारी है।