दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शुक्रवार को खाद-बीज की कमी से परेशान किसानों ने जबलपुर-दमोह मार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन के दौरान पाटन से जबलपुर जा रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए एंबुलेंस को जाम से बाहर निकाला।
किसानों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से डीएपी खाद और बीज की उपलब्धता न होने के कारण उनकी खेती प्रभावित हो रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे आक्रोशित होकर किसानों ने सड़क पर उतरने का निर्णय लिया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे किसान राज सिंह ने बताया कि पाटन तहसील के करीब 100 किसानों को गुरु पिपरिया स्थित डबल लॉक केंद्र से खाद-बीज दिया जाना था, लेकिन उपलब्धता न होने के कारण यह मुमकिन नहीं हो सका।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने किसानों को समझाइश दी। उनकी बात मानकर किसानों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और यातायात पुनः चालू हो सका।
Tags
jabalpur
