Jabalpur News: जिला अस्पताल में गार्ड ने मरीज के साथ की मारपीट ; देखे वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां जिला अस्पताल में सुरक्षा गार्ड ने एक मरीज के साथ मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। आउटसोर्स कंपनी पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है, और मारपीट करने वाले गार्ड को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।

यह घटना शनिवार सुबह की है, जब एक व्यक्ति शराब के नशे में इलाज करवाने जिला अस्पताल पहुंचा। मरीज वार्ड के बाहर जमीन पर बैठ गया था, जिसके कारण वहां भीड़ इकट्ठा हो गई। सुरक्षा गार्ड ने उसे हटाने की कोशिश की, लेकिन जब वह व्यक्ति नहीं हटा तो गार्ड ने गुस्से में आकर उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दी।

इस वीडियो के वायरल होने के बाद सिविल सर्जन डॉ. मनीष मिश्रा ने इसे अस्पताल की प्रतिष्ठा के खिलाफ बताते हुए कार्रवाई का आदेश दिया। उन्होंने कहा, "इस तरह की घटना शर्मनाक है और विभाग इसे गंभीरता से ले रहा है।"

वीडियो में अधेड़ उम्र का व्यक्ति नशे की हालत में जमीन पर बैठा नजर आता है। गार्ड द्वारा बार-बार हटने के कहने पर भी जब वह व्यक्ति नहीं हटा, तो गार्ड ने उसके साथ मारपीट कर दी। आसपास खड़े किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post