दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र के दरगाह से लौट रहे एक सवारी ऑटो का ब्रेक फेल होने के कारण वह सड़क पर खड़ी कचरा गाड़ी से टकरा गया। शुक्रवार शाम हुए इस दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय अकील अहमद की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी नाजनीन, बच्चों सहित 9 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के अनुसार, मोमिनपुरा गोहलपुर निवासी अकील अहमद अपने परिवार के साथ दरगाह दर्शन करने के लिए ऑटो से गए थे। जब वे सभी वापस लौट रहे थे, तभी मुख्य मार्ग पर ऑटो का ब्रेक फेल हो गया और वह लहराते हुए सामने खड़ी कचरा गाड़ी से टकरा गया।
ऑटो की कचरा गाड़ी से टक्कर के बाद उसमें मौजूद लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने मदद करते हुए सभी को ऑटो से बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। इलाज के दौरान अकील को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, 6 वर्षीय इमरान, 5 वर्षीय मोहम्मद अली, 10 वर्षीय जैनब और 40 वर्षीय याशमीन सहित अन्य घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने घटना की जानकारी ली और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
