Jabalpur News: जबलपुर को मिला पहला फ्लाईओवर ब्रिज, मंत्री राकेश सिंह बोले- कांग्रेस ने बड़े गांव के रूप में छोड़ा था, अब जबलपुर महानगर बन चुका है

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शनिवार को लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने जबलपुर के पहले फ्लाईओवर ब्रिज का उद्घाटन किया। 547 मीटर लंबा यह ब्रिज अब आम जनता के लिए खोल दिया गया है। इस फ्लाईओवर के माध्यम से कैंट विधानसभा और पश्चिम विधानसभा को जोड़ने का कार्य किया गया है। दो वर्षों में बनकर तैयार हुआ यह फ्लाईओवर ब्रिज जबलपुर के विकास का एक महत्वपूर्ण संकेत है।

कांग्रेस ने छोड़ा था 'बड़ा गांव', अब जबलपुर है महानगर - मंत्री राकेश सिंह

उद्घाटन के दौरान मंत्री राकेश सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस ने जबलपुर को एक बड़े गांव के रूप में छोड़ दिया था, परंतु अब यह महानगर की ओर बढ़ चुका है। उन्होंने बताया कि शहर के विकास के लिए आधुनिक रोड स्ट्रक्चर आवश्यक है, जिसे भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में तेजी से पूरा किया जा रहा है।

कटंगा फ्लाईओवर ब्रिज: यातायात की समस्याओं का समाधान

गोरखपुर-कटंगा क्रासिंग पर स्थित यह फ्लाईओवर ब्रिज सदर से ग्वारीघाट मार्ग को जोड़ता है, जो कि जबलपुर का मुख्य और अतिव्यस्त मार्ग है।

ब्रिज के निर्माण से स्कूल, बाजार, सेना के कार्यालय, विद्युत मंडल मुख्यालय, और तीर्थ स्थल ग्वारीघाट जाने वाले 40,000-50,000 वाहनों की आवाजाही में आसानी होगी।

प्रमुख त्योहारों और भीड़भाड़ के समय होने वाले जाम की समस्या का भी समाधान हो गया है, जिससे क्षेत्रीय नागरिकों को काफी राहत मिलेगी।

फ्लाईओवर ब्रिज का तकनीकी विवरण

लागत: 1589.35 लाख रुपये

कुल लंबाई: 546.90 मीटर

वायाडक्ट की लंबाई: 312.00 मीटर

ब्रिज की चौड़ाई: 8.40 मीटर

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि, लोकसभा सांसद आशीष दुबे, विधायक अशोक रोहाणी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post