News Update: बरौनी जंक्शन पर कपलिंग खोलते समय रेलकर्मी की मौत

दैनिक सांध्य बन्धु बरौनी। बिहार के बेगूसराय जिले के बरौनी जंक्शन पर शनिवार सुबह दर्दनाक हादसे में एक रेलकर्मी की जान चली गई। समस्तीपुर निवासी 35 वर्षीय अमर कुमार राउत, जो शंटिंगमैन के पद पर तैनात थे, कपलिंग खोलते समय इंजन और बोगी के बीच दब गए। इस हादसे के बाद रेलवे यूनियन ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोश व्यक्त किया है।

घटना के दौरान जब इंजन का चालक बिना आगे बढ़ाए ही मौके से फरार हो गया, तो स्टेशन पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना के तुरंत बाद बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी और मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। रेलवे यूनियन के सदस्यों और परिजनों का आरोप है कि इस तरह के कार्य के लिए चार कर्मचारियों की जरूरत होती है, लेकिन केवल एक रेलकर्मी और ड्राइवर को तैनात किया गया था, जिसके कारण यह दुखद घटना घटी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सोनपुर के डीआरएम विवेक भूषण मौके पर पहुंचे और मामले की जांच के आदेश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि हादसे की पूरी जांच कराई जाएगी, दोषियों पर कार्रवाई होगी और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, रेलवे के नियमों के अनुसार मृतक के परिजनों को मुआवजा प्रदान किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post