MP News: डंपर ने बाइक सवार को 100 मीटर तक घसीटा, युवक की मौके पर मौत

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। ग्वालियर में एक दिल दहला देने वाला हिट एंड रन हादसा सामने आया है। शुक्रवार देर रात बड़ागांव में एक बाइक सवार को रेत से भरे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी और लगभग 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस भयानक घटना में 26 वर्षीय प्रदीप राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई।

ये खौफनाक हादसा पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। हादसे में बाइक डंपर के नीचे फंस गई थी, जिससे सड़क पर घिसटने से चिंगारियां निकलती रहीं। हादसे के बाद आरोपी डंपर चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने हाईवे पर हंगामा किया और डंपर को आग लगाने की कोशिश भी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को शांत करने का प्रयास किया।

प्रदीप का परिवार पहले से ही मुश्किलों में था। उसकी शादी की बात चल रही थी। हादसे के समय वह अपने एक घर से दूसरे घर की ओर जा रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ।

पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post