Jabalpur News: शराब तस्करी में लिप्त युवक गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस को देर शाम मुखबिर से सूचना मिली कि एक लड़का जबलपुर की ओर से बिना नम्बर की एक्सिस ग्रे-ब्लैक रंग की गाड़ी में 2 थैलों में शराब लेकर भेड़ाघाट की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही भेड़ाघाट पुलिस ने उच्च मार्ग पर ग्राम तेवर के पास दबिश दी, जहां मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये का लड़का एक्सिस गाड़ी से आता हुआ दिखाई दिया।

पुलिस ने उसे घेराबंदी कर रोका और नाम पूछने पर आरोपी ने अपना नाम सुजल उर्फ अंकित कोरी, उम्र 19 वर्ष, निवासी वीरेन्द्रपुरी वार्ड, कोरी मोहल्ला, पुरवा गढ़ा बताया। आरोपी की गाड़ी की तलाशी लेने पर एक थैले में 150 पाव देशी शराब और दूसरे थैले में 160 पाव शराब बरामद हुई।

कुल 310 पाव शराब के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई। पुलिस ने एक्सिस गाड़ी भी जप्त कर ली।

Post a Comment

Previous Post Next Post