Jabalpur News: चौराहे पर कार खड़ी करने के विवाद में हत्या करने वाला फरार चौथा आरोपी भी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना लार्डगंज क्षेत्र में 4 नवंबर 2024 की रात चौराहे पर कार खड़ी करने के विवाद में 45 वर्षीय राजेंद्र उर्फ बोदा की हत्या का मामला सामने आया। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए चौथे और अंतिम फरार आरोपी पियूष बैन को भी गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक के भाई दीपक केशरवानी द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार, राजेंद्र का विवाद मोहल्ले के निवासी अमन साहू उर्फ सिवी से कार खड़ी करने को लेकर हुआ था। विवाद के बाद अमन ने अपने तीन साथियों साहिल बैन, आदित्य उर्फ बउआ, और पियूष बैन को बुलाया। सभी ने मिलकर राजेंद्र पर हमला किया, जिसमें अमन और साहिल ने चाकू मारकर राजेंद्र को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समर वर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली रीतेश कुमार शिव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हरिशिन आर्टनेरे की अगुवाई में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए गए।

पहले तीन आरोपियों अमन साहू, साहिल बैन, और आदित्य उर्फ बउआ को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। फरार आरोपी पियूष बैन की तलाश जारी थी, जिसे मुखबिर की सूचना पर जीरो डिग्री इलाके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

आरोपियों पर धारा 296, 103(1), और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post