दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना सिविल लाइन में एक महिला ने ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। श्रीमती अंजना सेन (39 वर्ष), निवासी राजुल स्टेट परियट पनागर, ने बताया कि वह 2015 से 15 सिविल लाइन ओल्ड कैरब्ज बिल्डिंग, जबलपुर स्थित नर्मदा ग्रीन में सेल्स का काम करती हैं।
सुबह लगभग 11:30 बजे उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप कॉल आई, जिसमें कहा गया कि वह ऑनलाइन फाइव स्टार रेटिंग का काम कर सकती हैं, जिसमें प्रत्येक रेटिंग के बदले 75 रुपये मिलेंगे। इसके बाद उसे टास्क पूरा करने को कहा गया और यह भी बताया गया कि काम पूरा होने पर जॉब कंफर्म हो जाएगी।
आरोपी ने उनसे 1 हजार रुपये उनके खाते में ट्रांसफर करने को कहा, जिसे उसने भेजा और आरोपी ने उसे वापस कर दिया। फिर आरोपी ने 8 हजार रुपये भेजने के लिए कहा, जो उसने भेजे, लेकिन वह वापस नहीं मिले। बाद में आरोपी ने उसे बताया कि उसका खाता फ्रीज हो गया है और और पैसे भेजने की बात की। इस प्रकार आरोपी ने उसे 29,100 रुपये भेजने को कहा, और महिला ने वह राशि भी ट्रांसफर कर दी।
जब उसने और अधिक पैसे भेजने के लिए कहा, तो महिला को समझ में आ गया कि वह धोखाधड़ी का शिकार हो चुकी है।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ धोखाधड़ी (धारा 420 भादवि) का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
