Jabalpur News: नशीले इंजेक्शनों का सौदागर महेश साहू गिरफ्तार, 18 हजार इंजेक्शन बरामद

File Photo
दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए नशीले इंजेक्शनों का कुख्यात कारोबारी महेश साहू आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। पिछले कई दिनों से फरार चल रहे महेश साहू पर पुलिस ने इनाम भी घोषित किया था। कल रात क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि महेश साहू नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप लेकर रांझी के रामलीला मैदान में बेचने के लिए खड़ा है।

क्राइम ब्रांच और कोतवाली थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से दबिश दी और महेश को घेरकर गिरफ्तार किया। उसके पास से 18 हजार नशीले इंजेक्शनों की खेप बरामद की गई, जिनकी कीमत लगभग 10 से 11 लाख रुपये बताई जा रही है।

महेश साहू, जो मूल रूप से महेश विश्वकर्मा था, पुलिस से बचने के लिए अपना नाम बदलकर 'साहू' रख लिया था। इसके अलावा, उसने पनागर के एक व्यक्ति के नाम से ड्रग लाइसेंस बनवाकर नशीले इंजेक्शनों का अवैध कारोबार चलाया था। महेश की गिरफ्तारी में क्राइम ब्रांच के एएसआई अशोक मिश्रा, धनंजय, कोतवाली थाना के एसआई संजय गुर्जर, आरक्षक पंकज, अरविंद और अन्य पुलिस कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

महेश की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने उसे पकड़ने वाले पुलिस कर्मियों को इनाम देने की घोषणा की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post