दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना सिविल लाइन में आज दोपहर में पुलिस टीम ने भ्रमण के दौरान अग्रवाल गैस डिलाईट मार्केट में इंडियन बैंक के सामने एक युवक को घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक इस्तेमाल करते हुए पकड़ा। युवक चाय-नाश्ते का ठेला लगाकर घरेलू गैस सिलेंडर से ग्राहकों को नाश्ता बना-बेच रहा था।
पकड़े गए युवक का नाम वेदांत शर्मा उर्फ आशुतोष मिश्रा (उम्र 21 वर्ष), निवासी ग्राम बौरी नम्बर 3, थाना गुढ़, जिला रीवा है। वर्तमान में वह सिविल लाइन स्थित 10 नम्बर कालोनी में पंकज पाण्डे के आउट हाउस में रह रहा था। पुलिस द्वारा पूछताछ में युवक ने कबूल किया कि वह भारत गैस कंपनी के घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग कर चाय-नाश्ता बनाने और उसे ग्राहकों को बेचने का काम कर रहा था।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक घरेलू गैस सिलेंडर (आधा भरा हुआ), एक सूर्या कंपनी का छोटा सिलेंडर (आधे से कम गैस भरा हुआ), एक पीतल का गैस रिफ्लर, और एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन जब्त की। आरोपी पर धारा 287 बीएनएस और 3, 7 ईसी एक्ट के तहत अवैध लाभ अर्जित करने के आरोप में कार्यवाही की गई।
