दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुरानी बस्ती रांझी निवासी मुकेश सतनामी से शराब पीने के लिए रुपए नहीं देने पर घर में घुसकर मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, इनमें से दो आरोपी पहले से निगरानी शुदा बदमाश हैं और इन पर रांझी, बेलबाग और हनुमानताल थानों में कई मामले दर्ज हैं।
घटना 3 दिसंबर की रात 8 बजे की है, जब गगन बिरहा अपने दो साथियों गोल्डी और यशवंत के साथ मुकेश सतनामी के घर के बाहर शराब पी रहे थे। शराब के लिए 500 रुपए मांगने पर मुकेश ने मना कर दिया और घर के बाहर शराब पीने पर आपत्ति जताई। इसके बाद तीनों आरोपी गाली गलौज करते हुए घर में घुस आए और मुकेश, उसकी पत्नी तथा मां के साथ लात-घूंसों और लोहे की पट्टी से मारपीट की। मारपीट के बाद तीनों ने घर के दरवाजे पर ईंट-पत्थर फेंककर उसे तोड़ दिया।
थाना प्रभारी मानस द्विवेदी ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी फरार थे, लेकिन पुलिस को सूचना मिली कि वे रांझी के मोहनिया इलाके में छिपे हुए हैं। पुलिस ने मोहनिया में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य आरोपी गगन बिरहा पर 46 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, अवैध वसूली, छेड़छाड़ और प्राणघातक हमले के मामले शामिल हैं। गोल्डी ठाकुर के खिलाफ भी रांझी थाने में प्रकरण दर्ज है। इन दोनों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है।
