Jabalpur News: दो पक्षों में खूनी संघर्ष, तलवार और चाकू चले; कई लोग घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के अधारताल थाना अंतर्गत संजय नगर भड़पुरा में बीती रात मकान खरीदी को लेकर छिड़े विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई इस खूनी झड़प में तलवार, चाकू, हॉकी स्टिक और लोहे की कड़ाई तक का इस्तेमाल किया गया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना 12 मई 2026 की रात करीब 11:15 से 11:30 बजे के बीच की है। प्रथम पक्ष के सुमित पटेल (निवासी सुभाष नगर) ने पुलिस को बताया कि वह अपने पूर्व कोचिंग टीचर के पुराने मकान के पास खड़ा था, जिसे अब लल्ली (पियूष) पटेल ने खरीद लिया है। सुमित ने जब लल्ली से मकान खरीदने के बारे में पूछा, तो लल्ली उत्तेजित हो गया। इसी बीच सुमित द्वारा फोन पर अपने दोस्त से की जा रही हंसी-मजाक की गाली को लल्ली ने खुद पर ले लिया और मारपीट शुरू कर दी। पहले पक्ष के सुमित पटेल का आरोप है कि लल्ली पटेल के भाई अनुज ने तलवार से राहुल पटेल के सिर पर हमला किया, जबकि आयुष ने चाकू से पंकज काछी को घायल कर दिया। लल्ली की मां सावित्री पटेल ने लोहे की कढ़ाई से हमला किया। बीच-बचाव करने आए राहगीर आदित्य सिंह के साथ भी मारपीट की गई। 

जबकि दुसरे पक्ष की रेणु उर्फ शकुंतला पटेल ने आरोप लगाया कि सुमित पटेल और उसके साथियों ने दुकान बंद कर रहे पियूष (लल्ली) के साथ बदसलूकी की। उनके अनुसार, सुमित ने तलवार से पियूष के सिर पर हमला किया और संतोष पटेल के बेटे सुमित ने चाकू से उनके मामा राजकुमार पटेल पर वार किया।

मारपीट के दौरान गुस्साए लोगों ने सड़क पर खड़े वाहनों को भी निशाना बनाया। इस उपद्रव में एक स्कूटी एक्सेस (MP 20 SY 3313), एक एचएफ डिलक्स (MP 20 MV 0127), एक स्प्लेंडर (MP 20 ZJ 5780) और एक ज्यूपिटर स्कूटर (MP 20 SH 2365) को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

अधारताल पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल घायलों के बयान दर्ज कर रही है और घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि दोषियों की पहचान की जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post