Jabalpur News: गढ़ा पुलिस और क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, सट्टा खिलाते दो सटोरिये गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर शहर में सट्टे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गढ़ा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने प्रेम नगर क्षेत्र में दबिश देकर हाईटेक तरीके से सट्टा खिला रहे दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से लैपटॉप, मोबाइल और नगदी सहित सट्टा सामग्री बरामद की है।

गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रेम नगर स्थित एमजी शोरूम के पीछे एक गली में मोबाइल और लैपटॉप के जरिए सट्टा खिलाया जा रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गढ़ा पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने रोमेश गुप्ता के मकान पर छापा मारा।

तलाशी के दौरान पुलिस ने जयप्रकाश यादव (51 वर्ष, निवासी ओमती/गढ़ा) और अमित कुशवाहा (35 वर्ष, निवासी गोरखपुर/ग्वारीघाट) को सट्टा खिलाते हुए पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से1 डेल लैपटॉप, 1 पेनड्राइव, 1 एंड्रॉइड मोबाइल, 3 कीपैड मोबाइल, 4 मोबाइल चार्जर, 2 कैलकुलेटर, सट्टा पर्ची, 2 डायरी, 1 एक्सटेंशन बोर्ड, 6 पेन, 1 पेंसिल, 4 कल्याण व राजधानी सट्टे के नंबर वाली पर्चियां, 2 टेबल और मौके से 6 हजार 200 रुपये नगद बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे घमापुर निवासी बल्ली गुप्ता के इशारे पर 15 हजार रुपये महीने की सैलरी पर सट्टा लिखने का काम करते थे। उन्होंने बताया कि पैसों का पूरा लेनदेन बल्ली गुप्ता ही संभालता था। पुलिस ने बल्ली गुप्ता की तलाश में घमापुर और धनवंतरी नगर में छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिला।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 4(ए) सट्टा एक्ट और 49 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक हिमलेश वैद्य, अरुण, दिनेश, क्राइम ब्रांच के सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डे, आरक्षक प्रदीप टेकाम, राजेश मिश्रा, राजेश मारते और महिला आरक्षक नीलम तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post