दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के पाटन बायपास क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों द्वारा ट्रक चालक को डरा-धमकाकर डीजल लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बदमाश तलवार और बंदूक जैसे हथियार लेकर ट्रक के आसपास घूमते दिखाई दे रहे हैं। बदमाशों ने ट्रक चालक को धमकाकर ट्रक से डीजल निकाल लिया और कुप्पों में भरकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि घटना जबलपुर के पाटन बायपास इलाके की है, जहां देर रात ट्रक को रोककर यह वारदात अंजाम दी गई। बदमाशों ने पहले चालक को डराया और फिर ट्रक की टंकी से डीजल निकालना शुरू कर दिया।
तलवार की नोक पर लूटा डीजल
घटना के दौरान एक युवक तलवार लेकर ट्रक चालक के बेहद करीब खड़ा दिखाई दे रहा है। चालक को जान से मारने की धमकी देकर बदमाशों ने उसे पूरी तरह खामोश कर दिया। विरोध करने की स्थिति में न होने के कारण चालक चुपचाप खड़ा रहा और बदमाश ट्रक से डीजल निकालकर कुप्पों में भरते रहे।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जांच में जुटी पुलिस
मामले में माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेन्द्र पवार ने बताया कि ट्रक हरियाणा के बताए जा रहे हैं और घटना के बाद वहां से निकल गए। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags
jabalpur
