Jabalpur News: स्वच्छता अभियान की खुली पोल, अंधेरदेव क्षेत्र में गंदगी और बदबू से परेशान लोग ;नेता प्रतिपक्ष ने किया निरीक्षण

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान की हकीकत एक बार फिर सामने आई है। शहर के जवाहर गंज वार्ड अंतर्गत अंधेरदेव क्षेत्र में फैली गंदगी, बजबजाते नाले और बदहाल सार्वजनिक शौचालय को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। क्षेत्रीय व्यापारियों की शिकायत पर नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने बुधवार को क्षेत्र का निरीक्षण किया और नगर निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। निरीक्षण के दौरान उनके साथ युवा कांग्रेस नेता कपिल भोजक और कस्तूरबा गांधी ब्लॉक अध्यक्ष समीर गढ़वाल भी मौजूद रहे।

मुख्य नाला बना गंदगी का अड्डा

निरीक्षण के दौरान क्षेत्र का मुख्य नाला पूरी तरह गंदगी से भरा मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से नाले की सफाई नहीं हुई है, जिसके कारण उसमें कचरा जमा हो गया है और बदबू फैल रही है। गर्मी के मौसम में स्थिति और अधिक खराब हो गई है। व्यापारियों ने बताया कि नाले से उठने वाली दुर्गंध के कारण दुकान पर बैठना मुश्किल हो रहा है। नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने आरोप लगाया कि नगर निगम के अधिकारी केवल कागजों में सफाई अभियान चला रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर हालात बेहद खराब हैं।

सार्वजनिक शौचालय की हालत बदतर


निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक शौचालय की स्थिति भी बेहद खराब पाई गई। बताया गया कि पिछले 10 दिनों से शौचालय की सफाई नहीं हुई है। वहां भारी गंदगी फैली हुई है और असहनीय बदबू के कारण लोग उसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि सार्वजनिक सुविधा होने के बावजूद उसकी अनदेखी की जा रही है। सफाई व्यवस्था ठप होने से आसपास के लोगों और व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्वच्छता प्रभारी के वार्ड में ही अव्यवस्था

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जिस वार्ड में इतनी बदहाली है, वही वार्ड नगर निगम की स्वच्छता प्रभारी एमआईसी सदस्य का क्षेत्र है। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन और महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर में स्वच्छता अभियान केवल प्रचार और बैठकों तक सीमित होकर रह गया है। वास्तविक स्थिति अंधेरदेव क्षेत्र की तस्वीरों में साफ दिखाई दे रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post