![]() |
| Ai Photo |
पुलिस के अनुसार रूकिया बाई चौधरी उम्र 75 वर्ष निवासी ग्राम सूखा हवा चौधरी मोहल्ला माढ़ोताल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह करीब 11 बजे वह बिजली का बिल जमा करने करमेता स्थित बिजली कार्यालय गई थीं। बिल जमा करने के बाद वह मुख्य सड़क पर ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और बोले कि “माताराम, आपको हमारी मम्मी बुला रही हैं।”
महिला ने उनसे कहा कि उनकी मां को वहीं बुला लें, लेकिन दोनों युवक उन्हें थोड़ा आगे चलने की बात कहने लगे। कम दिखाई देने और रिश्तेदार होने का भ्रम होने पर महिला उनकी बाइक पर बैठ गई।आरोप है कि दोनों युवक महिला को छलपूर्वक कटनी-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर पाटन बायपास के सुनसान इलाके में ले गए। वहां पहुंचकर आरोपियों ने महिला को धमकाया कि यदि उसने शोर मचाया तो जान से मार देंगे।
इसके बाद आरोपियों ने महिला का सोने का मंगलसूत्र, करीब 6 तोला वजनी चांदी की पायल, 5 तोला चांदी की चूड़ियां जबरन उतरवा लीं। साथ ही उनका पर्स भी छीन लिया, जिसमें नातिन की छोटी पायल, चांदी की चेन और 15 हजार रुपए नकद रखे थे। वारदात के बाद आरोपी महिला को वहीं छोड़कर फरार हो गए। माढ़ोताल थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर बीएनएस की धारा 318(4) और 309(4) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
