Jabalpur News: प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमला, कार सवार युवकों ने पहले बाइक को मारी टक्कर, फिर पेट में घोंपा चाकू

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना माढ़ोताल अंतर्गत बीती रात पुरानी रंजिश या विवाद के चलते एक प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। कार सवार दो युवकों ने पहले प्रॉपर्टी डीलर की बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मारी और फिर गाली-गलौज करते हुए चाकू से उनके पेट और सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। घायल को गंभीर अवस्था में अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ये है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, ग्राम भुआरा (पाटन) निवासी 42 वर्षीय सुरेन्द्र पटेल, जो वर्तमान में माढ़ोताल के शांताकुंज में रहते हैं और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं, देर रात करीब 12:30 बजे अपने दोस्त पंकज श्रीवास्तव के साथ बाइक पर लमती से घर लौट रहे थे।

सुरेन्द्र ने पुलिस को बताया कि जब वे लाल हवेली होटल के सामने से शांताकुंज की तरफ मुड़ने वाले थे, तभी पीछे से आ रही एक कार (क्रमांक MP-20-ZL-9151) ने उनकी मोटरसाइकिल को जान से मारने की नीयत से पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुरेन्द्र और पंकज दोनों सड़क पर गिर पड़े।

गाली देने से मना किया तो निकाल लिया चाकू

पीड़ित के अनुसार, कार से विशाल सोनी और मोहित नाम के दो युवक उतरे और आते ही गाली-गलौज करने लगे। जब सुरेन्द्र ने विरोध किया, तो मोहित ने उनका गला पकड़ लिया और विशाल सोनी ने जान से मारने की नीयत से चाकू निकालकर सुरेन्द्र के सीने के नीचे और पेट में मार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी विशाल सोनी और मोहित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 296 ए और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post