Jabalpur News: सूदखोरी के मकड़जाल में फंसे कारोबारी शरद मोर ने खाया जहर; हालत नाजुक

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी में अवैध सूदखोरी का काला कारोबार अब शहर के प्रतिष्ठित व्यापारियों की जान का दुश्मन बनने लगा है। ताज़ा मामला शहर के हृदय स्थल छोटा फुहारा क्षेत्र का है, जहाँ प्रसिद्ध रियल एस्टेट कारोबारी और कॉलोनाइजर शरद मोर ने कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, शरद मोर द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन उन्हें आनन-फानन में निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों के मुताबिक, जहरीले पदार्थ का असर शरीर में फैलने के कारण उनकी स्थिति फिलहाल अत्यंत गंभीर और चिंताजनक बनी हुई है। जैसे ही यह खबर फैली, अस्पताल परिसर में शहर के बिल्डरों, व्यापारियों और उनके परिचितों की भीड़ जमा होने लगी।

शरद मोर के परिजनों ने सीधे तौर पर शहर के कुछ रसूखदार सूदखोरों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शरद ने अपने व्यवसाय के सिलसिले में कुछ लोगों से निजी तौर पर लेनदेन किया था। इसके एवज में सूदखोर उनसे मूल रकम से कहीं ज्यादा ब्याज की मांग कर रहे थे।

आरोप है कि पिछले काफी समय से उन्हें फोन कॉल्स पर धमकियां दी जा रही थीं और सामाजिक रूप से अपमानित करने का डर दिखाया जा रहा था। इसी भारी मानसिक तनाव और "डेथ ट्रैप" के कारण उन्होंने यह कठोर कदम उठाया।

Post a Comment

Previous Post Next Post