Jabalpur News: कांबिंग गश्त में 290 वारंट किए गए तामील

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने  कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए कई वर्षों से फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया।

यह कांबिंग गश्त 9 मई की रात 9 बजे से शुरू होकर 10 मई की रात करीब 2 बजे तक जारी रहा। अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा तथा समस्त नगर पुलिस अधीक्षकों, उप पुलिस अधीक्षकों और एसडीओपी के मार्गदर्शन में किया गया।

जिलेभर में पुलिस टीमों ने दी दबिश

कांबिंग गश्त के दौरान शहर और देहात के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने स्टाफ के साथ अलग-अलग टीमें बनाकर कार्रवाई की। प्रत्येक टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी, उप निरीक्षक अथवा सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों ने किया।

पुलिस टीमों ने जिलेभर में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की तलाश की। अभियान के दौरान 134 गैर मियादी वारंट, 66 गिरफ्तारी वारंट और 90 जमानती वारंट तामील किए गए। इस तरह कुल 290 वारंटों की तामीली कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अधिकांश आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचते फिर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी सघन जांच

कांबिंग गश्त के दौरान सक्रिय गुंडे-बदमाशों की निगरानी की गई तथा देर रात घूमने वाले संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस टीमों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में भी विशेष जांच अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की।

Post a Comment

Previous Post Next Post