दैनिक सांध्य बंधु जबलपुर। नगर निगम जोन क्रमांक 2 अंतर्गत आने वाले वीरेंद्रपुरी वार्ड क्रमांक 2 के चौहानी श्मशान घाट की हालत अब बदहाल ही नहीं, बल्कि खतरनाक हो चुकी है। यहां लगा सेड पूरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं। वार्ड के जोन अध्यक्ष और पार्षद राहुल साहू के क्षेत्र में आने वाला यह श्मशान घाट अब लोगों की चिंता और आक्रोश का कारण बन गया है।
श्मशान घाट में लगा भारी टीन और लोहे का ढांचा तेज हवा चलते ही खतरनाक तरीके से हिलने लगता है। लोगों का कहना है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन शासन, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को शायद किसी दुर्घटना का इंतजार है। अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील समय में यहां पहुंचने वाले लोगों को श्रद्धांजलि से ज्यादा अपनी सुरक्षा की चिंता करनी पड़ रही है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई बार इस जर्जर सेड को बदलने की मांग की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। विकास के दावे करने वाले जनप्रतिनिधियों की नजर शायद उस श्मशान घाट तक नहीं पहुंच रही, जहां आम नागरिकों को हर दिन खतरे के साए में खड़ा होना पड़ रहा है।
लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि करोड़ों के विकास कार्यों की बातें करने वाले जिम्मेदार एक श्मशान घाट का सुरक्षित सेड तक नहीं बनवा पा रहे। यदि समय रहते इस क्षतिग्रस्त ढांचे को नहीं हटाया गया और कोई अप्रिय घटना हुई, तो उसकी जिम्मेदारी सीधे नगर निगम और संबंधित जनप्रतिनिधियों पर होगी।
