MP News: बुरहानपुर को मिला नया कप्तान, हफ्ते भर से खाली था पद, अब आशुतोष बागरी संभालेंगे जिम्मेदारी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल।
मध्य प्रदेश गृह विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल करते हुए तीन वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इस सूची में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव बुरहानपुर जिले में हुआ है, जहाँ पिछले एक सप्ताह से पुलिस अधीक्षक का पद रिक्त था।

बुरहानपुर में नई पदस्थापना पिछले सप्ताह 2 मई को हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल में बुरहानपुर एसपी देवेंद्र पाटीदार का तबादला झाबुआ कर दिया गया था। इसके बाद से ही जिला बिना कप्तान के था। अब सरकार ने 17वीं बटालियन भिंड के कमांडेंट आशुतोष बागरी को बुरहानपुर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है।

इन अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी:

राकेश सगर: ग्वालियर में 2nd बटालियन के डीआईजी पद पर तैनात राकेश सगर को अब पुलिस मुख्यालय (PHQ), भोपाल में डीआईजी के पद पर पदस्थ किया गया है।

आशुतोष बागरी: भिंड में 2nd बटालियन के सेनानी (कमांडेंट) पद से हटाकर उन्हें बुरहानपुर जिले की कमान सौंपते हुए एसपी बनाया गया है।

विदिता डागर: ग्वालियर में एडिशनल एसपी के रूप में सेवाएं दे रहीं विदिता डागर को पदोन्नत करते हुए ग्वालियर की ही 2nd बटालियन में कमांडेंट नियुक्त किया गया है।

गृह विभाग द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। बुरहानपुर में नए एसपी की नियुक्ति के बाद अब जिले में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post