दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुरैना। मुरैना जिले के बानमौर कस्बे में घरेलू विवाद के चलते एक पति द्वारा अपनी ही पत्नी पर धारदार हथियार से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात उस समय हुई जब महिला ड्यूटी खत्म कर ऑटो से अपने घर लौट रही थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, बानमौर निवासी पदमा जाटव एक निजी फैक्ट्री में मजदूरी करती है। रविवार को जब वह काम के बाद ऑटो से घर लौट रही थी, तभी बीआर ऑयल फैक्ट्री के पास उसके पति प्रेमराज जाटव ने ऑटो को रुकवाया। इससे पहले कि पदमा कुछ समझ पाती, प्रेमराज ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में पदमा के कमर, कंधे और बाजू में गंभीर चोटें आई हैं।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद ऑटो चालक और अन्य सवारियों ने साहस दिखाते हुए आरोपी प्रेमराज को पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। घायल पदमा को आनन-फानन में बानमौर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि पदमा के पहले पति की 14 साल पहले मृत्यु हो गई थी, जिनसे उनकी दो बेटियां हैं। इसके बाद करीब 8 साल पहले पदमा ने प्रेमराज से कोर्ट मैरिज की थी। हालांकि, पिछले कुछ समय से दोनों के बीच अनबन चल रही थी और अक्सर विवाद होता रहता था।
बानमौर थाना प्रभारी दीपेंद्र यादव ने बताया कि आरोपी पति प्रेमराज जाटव को हिरासत में ले लिया गया है। शुरुआती जांच में हमले की वजह घरेलू कलह सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
