दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रायसेन/नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में प्रेम संबंध, जलन और साजिश से जुड़ा सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने बचपन के प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर राजस्थान से आए युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने युवक के हाथ-पैर बांधकर मुंह पर टेप चिपकाया और शव को बोरी में भरकर करीब 200 किलोमीटर दूर रायसेन जिले की 40 फीट गहरी खाई में फेंक दिया। मामले का खुलासा रायसेन पुलिस ने रविवार को किया।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी वीरू उर्फ पप्पू जाट (32) के रूप में हुई है। आरोपी महिला रीना किरार ने उसे मिलने के बहाने नरसिंहपुर जिले के साईंखेड़ा स्थित अपने घर बुलाया था।
घर में पहले से बैठे थे आरोपी
रायसेन एसपी आशुतोष गुप्ता ने बताया कि 7 मई को बाड़ी थाना क्षेत्र के नागिन मोड़ सिरवारा ब्रिज के नीचे एक सड़ी-गली लाश मिली थी। जांच के दौरान पता चला कि 29 अप्रैल को वीरू जाट को साईंखेड़ा बुलाया गया था।
रीना के घर में पहले से उसका बचपन का प्रेमी अरुण पटेल और हरनाम किरार मौजूद थे। जैसे ही वीरू वहां पहुंचा, तीनों ने मिलकर बेसबॉल बैट से उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव को बोरी में भरकर रायसेन ले गए
हत्या के बाद आरोपियों ने घर में फैला खून साफ किया और शव को छोटा दिखाने के लिए दबाकर बोरी में पैक कर दिया। इसके बाद शव को XUV 700 की डिक्की में रखकर रायसेन जिले के बाड़ी थाना क्षेत्र लाया गया। यहां नागिन मोड़ सिरवारा ब्रिज से करीब 40 फीट नीचे खाई में शव फेंक दिया गया, ताकि मामला दूसरे जिले का लगे और पुलिस को भ्रमित किया जा सके।
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
पुलिस जांच में सामने आया कि रीना किरार को सोशल मीडिया पर रील्स बनाने और फोटो पोस्ट करने का शौक था। करीब तीन साल पहले राजस्थान निवासी वीरू जाट ने उसकी पोस्ट पर लाइक और कमेंट करना शुरू किया। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और प्रेम संबंध बन गए।
वीरू कई बार राजस्थान से मध्यप्रदेश आकर रीना से मिलता था। इसी बीच रीना का बचपन का प्रेमी अरुण पटेल भी उसके करीब आ गया। पुलिस के अनुसार अरुण रीना और उसके परिवार का खर्च उठाता था तथा उसने उसे महंगी SUV और सोने के जेवर भी दिलाए थे। वीरू का घर आना-जाना बढ़ने से अरुण नाराज रहने लगा।
बच्चे की कॉपी बनी सबसे बड़ा सुराग
एसपी आशुतोष गुप्ता ने बताया कि घटनास्थल से एक बैग मिला था, जिसमें मृतक के जूते, कंघी और एक बच्चे की कॉपी रखी थी। कॉपी में लिखावट के आधार पर पुलिस साईंखेड़ा क्षेत्र तक पहुंची। जांच में संदिग्ध घर कई दिनों से बंद मिला, जिसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
आखिरकार पुलिस ने उज्जैन से रीना किरार, अरुण पटेल और हरनाम किरार को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने प्रेम संबंध और जलन के चलते हत्या की साजिश रचने की बात कबूल कर ली।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने नरसिंहपुर के गाडरवारा निवासी अरुण पटेल, भीलखेड़ी निवासी हरनाम सिंह किरार और साईंखेड़ा निवासी रीना किरार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से बेसबॉल बैट और XUV 700 वाहन भी जब्त किया गया है। कोर्ट में पेशी के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया।
