दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में कुल 20 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। खास बात यह है कि AAP ने पटपड़गंज सीट से मनीष सिसोदिया की जगह अवध ओझा को टिकट दिया है। वहीं, मनीष सिसोदिया को जंगपुरा से उम्मीदवार बनाया गया है।
अवध ओझा, जो एक शिक्षक से नेता बने हैं, को पटपड़गंज से टिकट मिलने के बाद पार्टी ने यह संकेत दिया है कि वे पार्टी के नए चेहरों को प्रमुख चुनावी मैदानों में उतारने के लिए तैयार हैं। दूसरी ओर, मुस्तफाबाद से मौजूदा विधायक हाजी युनुस का टिकट काटकर आदिल अहमद खान को उम्मीदवार बनाया गया है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव फरवरी 2025 में हो सकते हैं, और इसके मद्देनजर AAP ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। नवंबर में पहली सूची जारी करने के बाद अब पार्टी ने दूसरी सूची में 20 उम्मीदवारों का ऐलान किया है। इस बार AAP ने ऐसे नेताओं को भी टिकट दिया है जो हाल में कांग्रेस और बीजेपी छोड़कर पार्टी में शामिल हुए हैं।


